9/11 की बरसी पर फ्लोरिडा के चर्च की कुरान जलाने की योजना
अफगानिस्तान में अमेरिकी कमांडर जनरल डेविड पेट्रॉस ने सोमवार को जारी एक बयान में हमले की बरसी को कुरान जलाकर याद किए जाने की योजना की तीखी आलोचना की है और उन्होंने चेतावनी दी है कि इसके बाद होने वाले विरोध प्रदर्शनों से विदेशों में काम कर रही अमेरिकी सेनाएं गंभीर खतरे में पड़ जाएंगी।
उन्होंने कहा, "इस कार्रवाई से अफगानिस्तान में अब तक किए गए प्रयास बेकार हो जाएंगे और सैनिक खतरे में पड़ जाएंगे।"
वहीं फ्लोरिडा के गेन्सविला में डोव वर्ल्ड आउटरेज सेंटर ने कहा कि कुरान जलाने का काम "प्यार या घृणा का काम नहीं है", यह भय फैलाने वाले इस्लाम को चेतावनी है।
अमेरिका और नाटो के करीब एक लाख बीस हजार सैनिक अफगानिस्तान में तालिबानियों और अलकायदा के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। पैट्रॉस ने चेतावनी दी, "यह काम तालिबानियों द्वारा किए जाने वाले कामों जैसा ही है और इससे न केवल यहां बल्कि पूरे विश्व में गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। हम इस्लामिक समुदाय के साथ जुड़े हुए हैं।"
कुरान जलाने की इस योजना के विरोध में कई धार्मिक संगठन भी इस्लामिक समूहों का साथ दे रहे हैं। नेशनल एसोसिएशन ऑफ इवेंगेल्सिया ने फ्लोरिडा के चर्च से इस योजना को रद्द करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि इससे दुनियाभर में दोनों धर्मो के बीच तनाव पैदा हो जाएगा।
इस साल ईद भी 9/11 की बरसी के साथ पड़ने के कारण अमेरिका में रह रहे मुसलमान त्योहार मनाने को लेकर काफी चिंतित हैं। हाल ही में यहां वर्ल्ड ट्रेड सेंटर गिरने के बाद बने जीरो ग्राउंड के समीप मस्जिद बनाने जाने की योजना को लेकर भी तनाव पैदा हो चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications