सर्वोच्च न्यायालय पर प्रधानमंत्री की टिप्पणी को कांग्रेस का समर्थन
नई दिल्ली, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के उस रुख का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा है कि सर्वोच्च न्यायालय को सरकार के नीतिगत मामलों में दखल नहीं देना चाहिए। प्रधानमंत्री ने यह बात सर्वोच्च न्यायालय के उस निर्देश के संदर्भ में कही, जिसमें गरीबों को मुफ्त अनाज बांटने के लिए कहा गया था।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने यहां संवाददाताओं से कहा, "उन्होंने (प्रधानमंत्री) वही कहा जो उन्हें कहना चाहिए। हम पूरी तरह उनके बयान का समर्थन करते हैं।"
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री ने वरिष्ठ संपादकों के साथ एक बैठक में कहा था कि सर्वोच्च न्यायालय को नीति निर्माण के मामले में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि गरीबों को मुफ्त अनाज बांटना असंभव है।
सिंघवी ने इस बात से इंकार किया कि यह सर्वोच्च न्यायालय पर हमला था। सिंघवी ने कहा, "मैं इस बात से पूरी तरह इंकार करता हूं कि प्रधानमंत्री ने सर्वोच्च न्यायालय पर हमला किया है। विपक्षी लोग, जो इसे सर्वोच्च न्यायालय पर हमला बता कर मामले को तूल देने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें यह नहीं पता है कि न्यायपालिका और कार्यपालिका कैसे काम करती है।"
सिंघवी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय से इस बात का कोई आदेश नहीं था कि सड़ रहे खाद्यान्नों को मुफ्त वितरित कर दिया जाए।
सिंघवी ने कहा, "सर्वोच्च न्यायालय ने कोई निर्देश, आदेश या फैसला नहीं दिया है। इससे संबंधित कोई आदेश नहीं है। यदि ऐसा कोई आदेश है और हम उसका उल्लंघन कर रहे हैं, तो हमारे खिलाफ अवमानना की याचिका दायर करें, हम उसका सामना करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications