पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, 14 मरे (लीड-1)
इस्लामाबाद, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खबर-पख्तूनख्वा सूबे के लक्की मारवात कस्बे में सोमवार सुबह एक थाने को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती विस्फोट में पांच पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 14 लोग मारे गए और 50 से ज्यादा घायल हो गए।
एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदे वाहन को थाने की पिछली दीवार के पास ले जाकर उसमें विस्फोट कर दिया। हादसे के समय पुलिस थाने में 45 से अधिक पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
यह थाना खबर-पख्तूनख्वा सूबे के एक व्यस्त बाजार में स्थित है। खबर पख्तूनख्वा को पहले पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के नाम से जाना जाता था। विस्फोट से थाना क्षतिग्रस्त हो गया है।
इस आत्मघाती हमले में चार लड़कियों सहित कम से कम नौ नागरिक मारे गए।
विस्फोट में थाने के करीब स्थित एक स्कूल और सरकारी इमारत को भी नुकसान पहुंचा। विस्फोट के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मलबा हटाए जाने के बाद ही नुकसान के बारे में कुछ बताया जा सकेगा।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में पिछले सप्ताह लाहौर और क्वेटा में शिया समुदाय के जुलूस को निशाना बनाकर किए गए हमलों में 110 से अधिक लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications