रतलाम में 2 घंटे की ढील के बाद कर्फ्यू जारी
रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में शुक्रवार की रात भड़की हिंसा के बाद दो थाना क्षेत्रों में लगाए गए कर्फ्यू में रविवार को महिलाओं एवं बच्चों के लिए दो घंटे की ढील दी गई। वहीं उपद्रव के आरोपियों की तलाशी का दौर जारी रहा। पुलिस ने इस मामले में अब तक 190 लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रदेश के गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता ने आमजनों से शंति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार दानीपुरा इलाके में स्थित एक धार्मिक स्थल पर गोबर फेंकने की घटना से लोग भड़क उठे। इस घटना ने देखते-देखते सांप्रदायिक हिंसा का रूप ले लिया। वाहनों में तोड़फोड़ की गई और आगजनी भी हुई। पुलिस बल पर पथराव भी किया गया। पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी और हवा में गोलियां भी चलाईं, मगर हालात काबू में नहीं आए।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हालात को देखते हुए दो थाना क्षेत्रों माणिक चौक व दो बत्ती कालोनी में कर्फ्यू लगा दिया गया जो रविवार को भी जारी रहा। क्षेत्र में तनाव बरकरार है। पुलिस गश्त का दौर जारी है। पूरे शहर में निषेधाज्ञा लागू है। रतलाम के पुलिस अधीक्षक मयंक जैन ने आईएएनएस को बताया कि रविवार को दोपहर में महिलाओं और बच्चों के लिए दो घंटे की ढील दी गई। इस दौरान महिलाओं ने आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी की। उन्होंने कहा कि सोमवार को सुबह एवं शाम को दो-दो घंटे की ढील देने की योजना है।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी रतलाम में डेरा डाले हुए हैं। उपद्रव मचाने के आरोप में 190 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं तलाशी अभियान भी जारी है। तलाशी के दौरान कुछ हथियार भी मिले हैं। इससे पहले शनिवार को राजधानी भोपाल में पुलिस अधिकारियों ने रतलाम की घटना की समीक्षा की। अतिरिक्त सुरक्षा बल रतलाम भेजने के साथ ही पूरे प्रदेश में अलर्ट घोषित कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications