उप्र भाजपा कार्यसमिति की बैठक खत्म, एकता पर जोर (राउंडअप)
बैठक में सभी वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी टकराव और पद का स्वार्थ छोड़कर एकजुटता के साथ पार्टी को मजबूत बनाने की नसीहत दी।
लखनऊ स्थित साइंटिफिक सेंटर में हुई भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के आखिरी सत्र के दौरान रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर भाजपा को प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी बनाना है तो जनसामान्य का विश्वास हासिल करना होगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाना होगा।
सिंह ने कहा, "कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को बताएं कि अराजक, निरकुंश और भ्रष्ट मायावती सरकार का विकल्प भाजपा के पास है।"
उन्होंने र्काकर्ताओं से कहा, "मायावती सरकार ने आपको ऐसा अवसर उपलब्ध करा दिया है कि आपको केवल जनता को जगाना है। आप सभी लोग यह संकल्प लेकर यहां से जाइए कि 2012 के चुनाव में एकजुट होकर लखनऊ में विजय पताका फहराना है और भाजपा की सरकार बनाना है।"
इस मौके पर प्रदेश प्रभारी नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा ही बसपा के कुशासन का सशक्त विकल्प है। चुनौती हमारे सामने है। हमें उसे स्वीकार करने की जरूरत है।
तोमर ने कहा कि कार्यकर्ता को प्रेरणा की जरूरत है। प्रदेश पदाधिकारी का परिश्रम जब कार्यकर्ता देखेगा तो वह जमीनी स्तर पर अपने दायित्वों का निर्वाह करते हुए संगठन को मजबूत करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि दिसंबर में पार्टी जनसामान्य से जुड़ने के लिए 'गांव चलो' अभियान चलाएगी। 15 दिसंबर से 15 जनवरी के बीच इस अभियान के तहत हम गांव-गांव जाकर किसानों के बीच पंचायतें लगाकर उनकी समस्याओं को समझेंगे। लोगों को राज्य सरकार के कुशासन और भ्रष्टाचार से अवगत कराएंगे।
गौरतलब है कि भाजपा की दो दिवसीय कार्य समिति की बैठक शनिवार को शुरू हुई थी। इसका उद्घाटन पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए कहा था कि हमें छोटी बातों से ऊपर उठकर बड़े मुद्दों के बारे में सोचना होगा, क्योंकि प्रदेश की जनता भाजपा की तरफ आशा भरी नजरों से देख रही है।
बैठक में राज्य के सभी वरिष्ठ नेता विनय कटियार, कलराज मिश्र, ओम प्रकाश सिंह, रमापति राम त्रपिाठी और लालजी टंडन भी शामिल हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications