इराक विस्फोटों में 7 मरे, 33 घायल (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि एक आत्मघाती बम हमले में बाब अल-मुआधम इलाके स्थित रक्षा मंत्रालय की इमारत को निशाना बनाया गया, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और 29 घायल हो गए।
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक हमलावर ने इस इमारत के बाहर स्थित पुलिस जांच चौकी के पीछे से विस्फोटक भरी एक मिनी बस को ले जाने की कोशिश की। विस्फोट को विफल करने के लिए पुलिस ने मिनी बस पर गोलीबारी की जिससे इसमें विस्फोट हो गया।
समाचार एजेंसी एस्वत अल-इराक के मुताबिक अल-डोरा में बम से एक व्यक्ति मारा गया। बम उसकी कार में रखा गया था। पास में खड़े दो लोग घायल हो गए।
इस बीच अल-कमालिया के पूर्वी इलाके में सड़क किनारे हुए एक बम विस्फोट में दो लोग घायल हो गए।
इससे पहले रिसाफा इलाके में सुरक्षा बलों की एक कमान पर तीन आत्मघाती हमलावरों ने हमला करने की कोशिश की।
आंतरिक मंत्रालय के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर बताया कि सुरक्षा बलों से एक मुठभेड़ के दौरान दो आत्मघाती विस्फोट हुए, जबकि एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका पिछले हफ्ते आधिकारिक तौर पर इराक में अपने युद्ध अभियान को विराम दे चुका है। अब वहां बचे 49,700 जवान परामर्श देने का काम करेंगे। वे 2011 तक इराक छोड़ने से पहले प्रशिक्षण एवं आतंकवाद से मुकाबले में अपनी भूमिका निभाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications