राष्ट्रमंडल खेल : उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहेंगे प्रिंस चार्ल्स
नई दिल्ली, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद और मोनको के प्रिंस अल्बर्ट राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में तीन अक्टूबर को उपस्थित होकर आयोजन को गरिमामय बनाएंगे।
पिं्रस चार्ल्स ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन समारोह में अपनी उपस्थिति की पुष्टि कर दी है। नई दिल्ली पहली बार 53 राष्ट्रों की भागीदारी वाले इस आयोजन को आयोजित कर रहा है।
प्रिंस चार्ल्स ब्रिटेन की रानी एलिजाबेथ द्वितीय की ओर से उपस्थित रहेंगे, क्योंकि काम के भारी बोझ के कारण वह उस समय भारत नहीं आ सकेंगी। पिछले 40 साल के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब रानी राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में उपस्थित नहीं हो पाएंगी।
वर्ष 2008 में हुए बीजिंग ओलंपिक में उमड़े वैश्विक नेताओं की संख्या की तुलना में भारत में हो रहे 3 से 14 अक्टूबर के खेलों के प्रति दुनिया में उतना उत्साह नहीं है।
उद्घाटन समारोह में कुछ मुट्ठी भर विदेशी नेता उपस्थित रहेंगे। सरकार के करीबी सूत्रों ने आईएएनएस को बताया, "अब तक प्रिंस चार्ल्स के अलावा हमें मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद और मोनैको के प्रिंस अल्बर्ट की उपस्थिति की उम्मीद है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications