शिकायतों को पार्टी के उचित मंच पर उठाए : राजनाथ
लखनऊ के साइंटिफिक सेंटर में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र के दौरान रविवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि इस तरह का कार्य घोर अनुशासनहीनता है। अगर कार्यकर्ताओं या नेताओं को कोई शिकायत है तो उसे बंद कमरे में या उचित समय पर पार्टी फोरम में रखें। सार्वजनिक स्थान पर पत्र बांटकर मर्यादा तोड़ना कतई उचित नहीं है।
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही को अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की पूरी छूट है। मर्यादा में न रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने में वह जरा भी देर न करें। उन्होंने कहा, "किसी की आलोचना करने से पहले हमें आत्मावलोकन करना चाहिए कि हमने अपने दायित्व का कितना निर्वहन किया।"
गौरतलब है कि शनिवार को शुरू हुई भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिनी बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले पत्र बांटे गए थे। ये पत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी को संबोधित किए गए थे। पत्र में गडकरी से गुहार लगाई गई है कि कुछ दबंग नेता पार्टी फंड का दुरुपयोग कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications