विस्फोटक गायब होने के मामले में छठा आरोपी गिरफ्तार
सागर, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। राजस्थान के धौलपुर से मध्य प्रदेश के सागर के लिए निकले विस्फोटकों से भरे 61 ट्रक के गायब होने के मामले में लाइसेंसधारी और गणेश एक्सप्लोसिव के मालिक देवेंद्र सिंह ठाकुर को सागर पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह इस मामले का छठा आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है।
धौलपुर की राजस्थान एक्सप्लोसिव एंड केमिकल्स लिमिटेड (आरईसीएल) से अप्रैल से जून माह के दौरान सागर के सडेरी में स्थित कंपनी गणेश एक्सप्लोसिव के नाम कुल 61 ट्रकों में विस्फोटक भेजे गए थे जो रास्ते में ही गायब हो गए।
इस मामले में सागर पुलिस ने देवेंद्र सिंह ठाकुर के अलावा उसके साझीदार जयकिशन आसवानी, रमेश चौबे, गोपाल शाक्यवार, शिवचरण हेड़ा एवं उसकी पत्नी दीपा को आरोपी बनाया था। पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक वी.के. सूर्यवंशी के मुताबिक देवेंद्र सिंह को रविवार को जैसीनगर के बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। इस तरह सभी छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। सागर पुलिस ने देवेंद्र पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
ज्ञात हो कि सागर के अलावा अशोकनगर के चंदेरी के लिए आए विस्फोटक से भरे 103 ट्रक भी गायब हुए थे। पुलिस उस मामले की जांच कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications