न्यूजीलैंड भूकंप : साल भर में उबर पाएगा क्राइस्टचर्च
वेलिंगटन, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर में शनिवार को आए 7.1 तीव्रता वाले भूकंप के बाद शहर के मध्य स्थित दुकानें और कार्यालय सोमवार तक बंद रहेंगे। इंजीनियरों ने कहा है कि आम जनता को इलाके में जाने देने की अनुमति देना अति खतरनाक होगा।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक इंजीनियरों के दल ने मध्य व्यापारिक जिले में लगभग 90 क्षतिग्रस्त इमारतों का निरीक्षण किया। शहर के अधिकारियों ने कहा कि कई हिस्सों में पुलिस की घेरेबंदी एक रात तक और बनाए रखी जाएगी और कर्मचारियों को सोमवार को अपने घरों पर आराम करना चाहिए।
अधिकारियों ने शहर के मध्य स्थित असुरक्षित इमारतों को बंद कर दिया है, जहां लगभग 8,000 रहवासियों को ही आने-जाने की अनुमति प्रदान की गई।
प्रधानमंत्री जॉन की ने कहा कि दक्षिणी द्वीप के सबसे बड़े शहर के मध्यवर्ती हिस्से के पुनर्निर्माण में कम से कम साल भर लग जाएगा। यह शहर प्रति वर्ष हजारों अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करता है।
शहर में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है और अधिकारियों ने कहा है कि प्रभावित इलाके के सभी स्कूल कम से कम बुधवार तक बंद रहेंगे।
शहर की सड़कों पर बसें नहीं चली, क्योंकि भूकंप के कारण गहरी दरारें पैदा हो गई हैं। रेल पटरियों के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण कुछ रेल सेवाएं भी बहाल नहीं हो पाईं।
इस भूकंप में हालांकि केवल एक व्यक्ति की मौत हुई है, वह भी हृदयाघात के कारण। मलबा गिरने से बुरी तरह घायल हुए दो व्यक्ति अभी भी अस्पताल में हैं।
नागरिक सुरक्षा मंत्री जॉन कार्टर ने कहा कि भूकंप के कारण निचले आवासीय इलाकों को वैमाकारिरी नदी से बचाने वाले तटबंध भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications