दिल्ली में मूसलाधार बारिश, जनजीवन प्रभावित
नई दिल्ली। दिल्ली में रविवार सुबह मूसलाधार बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई लेकिन विभिन्न इलाकों में पानी भर जाने से यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी के मुताबिक शहर में शनिवार सुबह से रविवार सुबह 8.30 बजे तक 36.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शहर में अभी और बारिश होने की संभावना जताई गई है।
अधिकारी ने बताया कि बादल छाये रहेंगे और दिन में और अधिक बारिश होने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। उन्होंने कहा, "शहर के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।"
यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ। बदरपुर-एमबीरोड, कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन, आजादपुर-सराय पीपलथला, नया रोहतक रोड-आनंद पर्वत और मोदी फ्लाईओवर के साथ ही मथुरा-भैरो रोड और कुतुबमीनार मेट्रो स्टेशन पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात काफी धीमा हो गया।
शहर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से एक डिग्री नीचे था। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है जो औसत से तीन डिग्री नीचे है। शहर में आद्र्रता का स्तर 95 प्रतिशत दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि दिल्ली में इस सत्र में अब तक रिकार्ड 7,816 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है जो औसत से 41 फीसदी अधिक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications