कश्मीर में जनजीवन सामान्य
श्रीनगर, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में अलगाववादियों की ओर से बंद का आह्वान न करने और प्रशासन की ओर से कर्फ्यू न लगाने की वजह से रविवार को आम जनजीवन पटरी पर लौट आया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "घाटी में आज (रविवार) कहीं भी कर्फ्यू नहीं लगाया गया है।" बीते 11 जून के बाद से यह पहला मौका है जब अधिकारियों ने कर्फ्यू और सुरक्षा संबंधी ऐहतियाती उपाय न करने का फैसला किया है।
दूसरी ओर हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैयद अली शाह गिलानी ने लोगों से रोजमर्रा की गतिविधियों को फिर से शुरू करने की अपील की है।
घाटी में लोग खरीदारी करते देखे गए। रविवार होने के बावजूद शैक्षणिक संस्थान खुले। एक स्थानीय कारोबारी अब्दुल गनी बट्ट ने कहा, "यह सिर्फ कश्मीर में होता है। क्या आप मानेंगे कि आज सरकारी अवकाश है। दुकान, सार्वजनिक यातायात, कारोबार और शैक्षणिक संस्थान खुले हुए हैं।"
गौरतलब है कि 11 जून से कश्मीर में हिंसा की शुरुआत हुई थी। इसके बाद से 65 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications