एडीएम के बेटे पर छात्रा के साथ दुर्व्यवहार का आरोप
मुरादाबाद, 5 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक अपर जिलाधिकारी (एडीएम) के बेटे पर सरकारी गाड़ी से एक छात्रा के घर जाकर उसके साथ दुर्व्यवहार करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर गाड़ी को कब्जे में ले लिया है।
बिजनौर में अपर जिलाधिकारी (वित्त) के पद पर तैनात आर.आर. सिंह के बेटे रोहित सिंह पर आरोप है कि वह शनिवार रात अपने साथियों को लेकर मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना-क्षेत्र के आशियाना इलाके में रहने वाली एक छात्रा के घर गया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। बाद में रोहित छात्रा के पास कथित तौर पर जान से मारने और जबरन उठा ले जाने की धमकी भरा पत्र छोड़कर फरार हो गया।
परिजनों व स्थानीय लोगों ने जब रोहित व उसके साथियों को पकड़ने की कोशिश की तो आगे रास्ता संकरा होने के कारण रोहित गाड़ी को वहीं छोड़कर अपने साथियों के साथ फरार हो गया।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी अनिल राघव ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि नीली बत्ती व मजिस्ट्रेट की नंबर प्लेट लगी सफेद मारुती कार (संख्या यूपी15-के -0263) को कब्जे में ले लिया गया है।
उन्होंने कहा कि कार से रोहित सिंह नाम का परिचय पत्र मिला है जिसके मुताबिक रोहित शहर के एक इंस्टीट्यूट में बीटेक का छात्र है। थाना प्रभारी ने माना कि रोहित एडीएम (वित्त) बिजनौर आर.आर. सिंह का बेटा है।
छात्रा के पिता ओवेश कुमार ने रोहित के खिलाफ नामजद व अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। राघव ने कहा कि आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications