बहराइच में घाघरा पर तटबंध धंसा
बहराइच के जिला आपदा अधिकारी वीरेंद्र पांडे ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि तेज बहाव के कारण कैसरगंज क्षेत्र में रेवली-आदमपुर तटबंध करीब 20 मीटर धंस गया है। कटान रोकने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन हालात नियंत्रण में हैं।
उन्होंने बताया कि घाघरा का जलस्तर कम होने के बावजूद अभी भी खतरे के निशान से 52 सेंटीमीटर ऊपर बना हुआ है। उन्होंने यह माना कि तटबंध टूटने से बड़ी तबाही आ सकती है। बहराइच में करीब 100 गांवों के एक लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। सैकड़ों एकड़ खरीफ की फसल बाढ़ के कारण बर्बाद हो गई है।
इससे पहले बाराबंकी जिले में एल्गिन-चरसरी तटबंध टूटने से बाराबंकी और गोंडा जिलों के करीब 125 गांव जलमग्न हो गए और करीब डेढ़ लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए।
प्रशासन की तरफ से प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है, लेकिन कुछ स्थानों पर सहायता नाकाफी साबित हो रही है। गोंडा में तरबगंज क्षेत्र के करीब 40 गांवों में हजारों लोग अभी भी फंसे हुए हैं।
बाढ़ से सबसे ज्यादा तबाही बाराबंकी, गोंडा, बहराइच और लखीमपुर खीरी जिलों में हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इन जिलों में बाढ़ से अब तक कुल 11 मौतें हुई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications