सैनिक शासन पर मुकदमा करना चाहती हैं सू ची
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इस समय 18 माह की नजरबंदी का सामना कर रही सू ची ने अपने वकीलों न्यान विन, की विन और खिन ह्टाय कीवे को शनिवार को एक मुलाकात में यह सलाह दी।
न्यान विन ने कहा, "आंग सान सू ची ने हमसे कहा कि नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी को जबरिया भंग करने के लिए हमें सरकार पर मुकदमा करना चाहिए क्योंकि यह गैर कानूनी है।"
सू ची (65 वर्ष) ने कहा कि जुंटा द्वारा अपनाया गया नया चुनाव कानून उनके और उनकी पार्टी के प्रति पक्षपातपूर्ण है।
सैनिक सरकार की योजना लोकतंत्र के लिए संघर्षरत नेता की नजरबंदी की अवधि समाप्त होने के एक हफ्ते पहले सात नवंबर को आम चुनाव कराने की है।
म्यांमार पर वर्ष 1988 से शासन कर रहे जुंटा ने अंतिम बार वर्ष 1990 में आम चुनाव करवाए थे। इनमें एनएलडी को भारी बहुमत मिला था। इसके बाद पार्टी को सत्ता हासिल करने से रोक दिया गया और नोबेल पुरस्कार विजेता सू ची को पिछले 20 वर्षो में से 15 वर्ष कैद में बिताने पड़े हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications