उत्तराखण्ड में नेतृत्व परिवर्तन नहीं : तरुण विजय
देहरादून, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड में मुख्यमंत्री बदले जाने की अफवाहों पर विराम लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्पष्ट किया है कि रमेश पोखरियाल 'निशंक' मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे और वर्ष 2012 का विधानसभा चुनाव उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तरुण विजय ने रविवार को आईएएनएस के साथ टेलीफोन पर बातचीत में कहा कि आला कमान इस समय राज्य में नेतृत्व पर्वितन पर विचार नहीं कर रहा है और वर्तमान नेतृत्व में ही अगला विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि वर्ष 2012 का विधानसभा चुनाव भाजपा निशंक के नेतृत्व में ही लड़ेगी। मंत्रिमण्डल विस्तार के विषय पर उन्होंने कहा कि इस पर मुख्यमंत्री ही इस पर निर्णय लेंगे।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विशन सिंह चुफाल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि मंत्रियों के विभागों में फेरबदल के साथ ही कुछ मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया जा सकता है।
गौरतलब है कि निशंक ने गुरुवार को नई दिल्ली की यात्रा के दौरान पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर राज्य की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की थी। उसके बाद से सूबे में मुख्यमंत्री बदले जाने की अटकलें शुरू हो गई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications