बिहार में बंधक पुलिसकर्मी रिहा होंगे!
पटना, 4 सितंबर (आईएननएस)। बिहार में बंधक बनाए गए तीन पुलिसकर्मियों को नक्सली रविवार को सुबह आठ बजे तक बिना शर्त रिहा कर देंगे। नक्सलियों ने इस आशय की घोषणा शनिवार देर शाम की है। इस घोषणा की हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के मुंगेर-जमुई-लखीसराय जोन के स्वयंभू प्रवक्ता अविनाश ने शनिवार की रात एक स्थानीय न्यूज चैनल को बताया कि देश के बुद्धिजीवियों, जनता तथा बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों के परिजनों की अपील पर संगठन की केंद्रीय समिति ने बंधक पुलिसकर्मियों को बिना शर्त रिहा करने का निर्णय लिया है।
प्रवक्ता ने कहा कि नीतीश सरकार इस मसले को लेकर सर्वदलीय बैठक कर नक्सलियों से वार्ता के नाम पर राजनीतिक फायदा लेना चाह रही थी, लेकिन संगठन ऐसा होने देना नहीं चाहता। उन्होंने हालांकि कहा कि बंधक पुलिसकर्मियों को पुलिस और मीडिया के सामने नहीं, बल्कि उनके परिजनों को सौंपा जाएगा।
गौरतलब है कि रविवार को लखीसराय के कजरा थाना क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सात जवान शहीद हो गए थे, जबकि सात से ज्यादा जवान घायल हो गए थे। इसके अलावा चार पुलिसकर्मियों को भी बंधक बना लिया गया था।
बंधक बनाए गए तीन पुलिसकर्मियों में रूपेश कुमार सिन्हा (बेतिया), अभय यादव (बेगूसराय), एहतेशाम खान (मांडर, रांची) शामिल हैं जबकि चौथे पुलिसकर्मी लुकस टेटे (सिमडेगा, झारखंड) की शुक्रवार को नक्सलियों ने हत्या कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications