वाराणसी में कुत्ते ने बच्ची पर हमला कर घायल किया
वाराणसी, 4 सितंबर(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में एक चार वर्षीय बच्ची को एक कुत्ते ने हमलाकर बुरी तरह घायल कर दिया। बच्ची को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में हालांकि पुलिस या नगर निगम से मामले को लेकर कोई शिकायत नहीं की गई है लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह घटना शनिवार दोपहर सिगड़ा इलाके में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कुत्ता आस-पास रहने वाले किसी व्यक्ति का बताया जा रहा है। उनके मुताबिक कुत्ता बच्ची के ऊपर उस समय झपट पड़ा जब वह अकेली एक नर्सिंग होम के बाहर खड़ी थी। कुत्ते ने बच्ची के पेट सहित कई जगहों पर नोंच डाला।
मामले की जानकारी मिलने पर जब कुछ स्थानीय संवाददाताओं ने बच्ची के पिता आशीष मोहन से घटना के बारे में जानना चाहा तो उन्होंने कुछ भी कहने से साफ मना कर दिया। उधर अस्पताल प्रशासन ने भी बच्ची से स्वास्थ्य को लेकर कोई भी जानकारी देने से इंकार किया।
ज्ञात हो कि लखनऊ में कुछ दिन पहले आवारा कुत्तों का आतंक उस समय देखने को मिला था जब उन्होंने एक स्कूल परिसर के अंदर एक सात वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications