भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक में कलह उजागर
लखनऊ, 4 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश कार्य समिति की बैठक में आपसी कलह उस समय खुलकर सामने आई, जब कुछ पार्टी नेताओं ने नाम लिखे पत्र बांटे गए।
भाजपा की प्रदेश कार्य समिति की दो दिनी बैठक शनिवार को लखनऊ में शुरू हुई। उसी दौरान कुछ पत्र उत्तर प्रदेश भाजपा बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बांटे गए। ये पत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी को भी प्रेषित किए जा चुके हैं। पत्र में उनसे गुहार लगाई गई है कि कुछ दबंग नेता और कार्यकर्ता पार्टी फंड का दुरुपयोग कर रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार पत्र में यह भी कहा गया है कि ये नेता प्रदेश अध्यक्ष पर दबाव डालने की भी हैसियत रखते हैं। इस पत्र पर कई कार्यकर्ताओं के नाम और हस्ताक्षर थे।
इन पत्रों के बारे में पूछे जाने पर प्रदेश के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी प्रवक्ता सत्यदेव सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है कि कार्य समिति की बैठक के दौरान ऐसे पत्रों का वितरण किया गया।
जब उनसे पूछा गया कि क्या पत्र बांटना अनुशाहीनता की श्रेणी में आता है और बांटने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई होगी तो इस पर सिंह ने कहा, "इस मसले पर हम राष्ट्रीय अध्यक्ष से विचार-विमर्श करेंगे और उनके निर्देशानुसार उचित कारवाई की जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications