तेलंगाना के मंत्रियों ने की परीक्षा स्थगित करने की मांग (लीड-1)
छात्र समूहों ने रविवार को तेलंगाना बंद का आह्वान किया है। जबकि सरकार एपीपीएससी की परीक्षा उसी दिन कराने पर अड़ी हुई है।
डी.श्रीधर बाबू, के.वेंकट रेड्डी, डी.के.अरुणा और सुनिता लक्षमा रेड्डी जैसे मंत्रियों ने पांच सितंबर की परीक्षा स्थगित किए जाने के लिए रोसैया से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। इस मुद्दे ने विद्यार्थियों और नेताओं को क्षेत्रीय आधार पर बांट दिया है।
एपीपीएससी 198 पदों के लिए रविवार को परीक्षा कराने के लिए तैयार है। पूरे राज्य में 445 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और 16 लाख से अधिक उम्मीदवारों के इसमें शामिल होने की उम्मीद है।
पुलिस ने परीक्षा कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं और परीक्षा केंद्रों के पास पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाने का आदेश किया है। पुलिस महानिदेशक के.अरविंद राव ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों से किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा बंदोबस्त करने को कहा है।
दूसरी ओर उस्मानिया विश्वविद्यालय के चार छात्रों ने एपीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में तेलंगाना क्षेत्र को 42 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर शनिवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
उस्मानिया विश्वविद्यालय संयुक्त कार्य समिति (जेएसी) ने परीक्षा के बहिष्कार और रविवार को तेलंगाना क्षेत्र में बंद की घोषणा की है। अलग तेलंगाना राज्य की मांग के लिए संघर्षरत तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और अन्य समूहों ने भी बंद का समर्थन किया है।
तेलंगाना क्षेत्र से अन्याय का आरोप लगाते हुए सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) दोनों के तेलंगाना क्षेत्र के नेताओं ने समूह- 1 की सेवाओं में तेलंगाना क्षेत्र का हिस्सा तय होने तक परीक्षा को टालने की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications