राहुल का बिहार में चुनावी शंखनाद (लीड-3)
पटना, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने शनिवार को सहरसा और समस्तीपुर की जनसभाओं में राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास के दावों पर करारा प्रहार करते हुए आसन्न बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेसी अभियान का शंखनाद कर दिया।
राहुल ने नक्सलियों द्वारा हाल ही में मारे गए पुलिसकर्मियों के प्रति संवेदना प्रकट की। समस्तीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि नक्सलियों द्वारा बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों की कुशलता तथा मारे गए पुलिसकर्मियों की आत्मा की शांति के लिए वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 20 वषों से बिहार का विकास रुक गया है और अब यहां के लोगों को तय करना है कि वे क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि जब पांच वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश जा रहा था तो लोग कहते थे, वहां जाति की राजनीति होती है। वहां क्या होगा? अब वहां के लोग कहते हैं कि यहां कांग्रेस आएगी। यही चीज अब वह बिहार में करने आए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में भी कांग्रेस वापसी करेगी।
इसके पूर्व सहरसा के पटेल ग्राउंड में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री नीतीश जी कहते हैं कि केन्द्र सरकार ने पैसे नहीं दिए। केन्द्र सरकार ने जितना पैसा बिहार और उत्तर प्रदेश में दिया, उतना किसी अन्य राज्य में नहीं दिया है।"
उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र ने पैसा दिया लेकिन पैसा जहां पहुंचना चाहिए था, वहां नहीं पहुंच पाया।
उन्होंने बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की खिंचाई करते हुए कहा, "सरकार कहती है कि यहां बहुत विकास हुआ। मैं पूछता हूं कि अगर विकास होता तो लोगों को रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ता। आज रोजगार के लिए यहां के लोगों को मुंबई, दिल्ली और हरियाणा जाना पड़ रहा है।"
राहुल ने कहा कि कल तक सबसे विकासशील राज्य रहे उत्तर प्रदेश और बिहार आज पिछड़ रहे हैं जबकि अन्य राज्य तेजी से आगे निकल रहे हैं। आज यहां ऐसी सरकार की जरूरत है जो जनता के लिए लड़ाई लड़े।
इस मौके पर राहुल ने कहा कि वे बिहार में ऐसी सरकार चुनें जो गरीब परस्त हो और जिसके राज में केंद्रीय योजनाओं की राशि गरीबों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजनाओं के तहत राज्य सरकार के पास पैसे तो आते हैं लेकिन वह उचित लोगों तक पहुंच नहीं पाते।
राहुल विशेष विमान से दरभंगा पहुंचे। हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खराबी आ जाने के कारण दरभंगा में उन्हें कुछ देर इंतजार करना पड़ा। उनके साथ कांग्रेस के बिहार प्रभारी मुकुल वासनिक भी थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications