उत्तराखण्ड में भूस्खलन से चार धाम यात्रा प्रभावित
देहरादून, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड में तेज बारिश और भूस्खलन से प्रसिद्ध चार धाम यात्रा शनिवार को भी प्रभावित रही। गढ़वाल क्षेत्र में तमाम जगहों पर हुए भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री यात्रा मार्ग बंद रहा। प्रशासन यातायात को सामान्य बनाने के प्रयास में जुटा है।
राज्य के आपदा प्रबंधन केंद्र के मुताबिक शनिवार को चार धाम यात्रा प्रभावित हो गई। भूस्खलन के कारण यातायात मार्ग पर मलबा आ जाने से यमुनोत्री मार्ग हनुमानचट्टी के पास, गंगोत्री मार्ग गंगनानी के पास, केदारनाथ मार्ग मनकोटिया के पास और बद्रीनाथ मार्ग छिनका के पास सुबह से ही बंद रहा।
केंद्र के अनुसार सीमा सड़क संगठन और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मार्ग को खुलवाने के काम में जुटे हुए हैं। साथ ही ऋषिकेश-श्रीनगर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी भूस्खलन के कारण यातायात बाधित रहने की खबर है।
राज्य मौसम केंद्र के निदेशक आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि राज्य में अगले चौबीस घंटे दौरान बारिश जारी रहेगी। कहीं मध्यम तो कहीं ज्यादा बारिश हो सकती है।
गौरतलब है कि राज्य में पिछले माह से ही बारिश का दौर जारी है। इस कारण भूस्खलन एवं मिट्टी धंसने की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications