दवा क्षेत्र की समस्याओं पर कार्यदल गठित होगा : आजाद
मुंबई, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय दवा उद्योग को केंद्र सरकार से जरूरी मदद दिए जाने का आश्वासन देते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद ने शनिवार को कहा कि सरकार ने इस उद्योग की समस्याओं पर विचार के लिए एक कार्य दल गठित करने का फैसला किया है।
दवा क्षेत्र के प्रतिनिधियों की बैठक में आजाद ने कंपनियों को जरूरी दवाओं को समाज के सभी वर्गो की पहुंच में लाने की बात कही।
उन्होंने कहा, "यह कार्यदल दवा क्षेत्र से जुड़े नीतिगत, अंतर मंत्रालयीन और केंद्र-राज्य मामलों पर विचार करेगा।"
आजाद ने कहा, "सरकार दवा मूल्य नियंत्रण नीति से जुड़े मुद्दों पर विचार करेगी और दवा क्षेत्र के लिए एक दीर्घकालीन नीति बनाएगी। दवा उत्पादों के प्रमाणपत्रों की अवधि को दो साल से बढ़ाकर तीन साल करने के लिए दिशा निर्देश जारी करेगी।"
उन्होंने कहा, "अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों और विश्व स्वास्थ्य संगठन की बैठकों में भारत का पक्ष मजबूत रखने के लिए भारतीय दवा उद्योग के प्रतिनिधियों का इन आयोजनों में हिस्सा लेना जरूरी है।"
इस बैठक में कैडिला हेल्थकेयर, वोकहार्ट, पीरामल हेल्थकेयर, बायोकॉन, अरविंदो फार्मा, टोरंट ग्रुप और सन फार्मा के अलावा कई प्रमुख समूहों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications