लेह के लिए कोष जुटा रहे हैं छायाकार
छायाकारों ने तीन दिवसीय प्रदर्शनी के लिए 85 चित्रों का योगदान किया है। प्रदर्शनी का नाम "एसओएस लद्दाख" रखा गया है। प्रदर्शनी की शुरुआत राजधानी के रेलिगेयर आर्ट्स गैलरी में शुक्रवार से हुई है।
छाया चित्रों की बिक्री से आने वाली आय का उपयोग लेह में राहत कार्यो के लिए किया जाएगा। यह प्रदर्शनी, एनडीटीवी के लाइफस्टाइल एसओएस लद्दाख परियोजना और रेलिगेयर आर्ट्स इनीशिएटिव के सहयोग से आयोजित की गई है।
जिन छायाकारों ने इस प्रदर्शनी में हिस्सा लिया है, उनमें राम रहमान, समर जोधा, अजय राजघरिया, दिनेश खन्ना, प्रबीर पुरकायस्थ, राजीव श्रीवास्तव, राजबीर सिंह और अमित पसरीचा शामिल हैं।
'एनडीटीवी गुड टाइम्स' की चैनल हेड और 'एनडीटीवी लाइफस्टाइल' की क्रिएटिव हेड, शिबानी शर्मा खन्ना ने आईएएनएस को बताया, "प्रदर्शनी से जमा धन राशि का इस्तेमाल उन लोगों को भोजन और आश्रय उपलब्ध कराने में किया जाएगा, जिनके घर आपदा में नष्ट हो गए हैं। 'द एनडीटीवी होप ट्रस्ट' इस समाजसेवी परियोजना का नेतृत्व कर रहा है।"
उन्होंने कहा, "अभी तक हमने राहत कार्य के लिए 20 लाख रुपये जुटा लिए हैं। इस प्रदर्शनी के पीछे यही विचार है कि 'देने के लिए हम लेते हैं'।"
इस प्रदर्शनी में शामिल छाया चित्रों में लद्दाख के रोमांचक पर्वतीय दृश्यों, मानवीय पीड़ा और दुनिया भर के दुर्गम भौगोलिक क्षेत्रों की छवियां हैं। ये चित्र दर्शकों को लद्दाख के दृश्यों और वहां के लोगों की पीड़ा से दो-चार कराते हैं।
ज्ञात हो कि 6 अगस्त को बादल फटने के कारण आई भयानक बाढ़ ने लद्दाख की राजधानी लेह में अभूतपूर्व तबाही मचाई थी। इस आपदा में कम से कम 183 लोग मारे गए थे और लगभग 200 लोग अभी भी लापता हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications