राहुल ने मारे गए पुलिसकर्मियों के प्रति संवेदना जताई (लीड-2)
समस्तीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि नक्सलियों द्वारा बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों की कुशलता तथा मारे गए पुलिसकर्मियों की आत्मा की शांति के लिए वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 20 वषों से बिहार का विकास रुक गया है और अब यहां के लोगों को तय करना है कि वे क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि जब पांच वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश जा रहा था तो लोग कहते थे, वहां जाति की राजनीति होती है। वहां क्या होगा? अब वहां के लोग कहते हैं कि यहां कांग्रेस आएगी। यही चीज अब वह बिहार में करने आए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में भी कांग्रेस वापसी करेगी।
इसके पूर्व सहरसा के पटेल ग्राउंड में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री नीतीश जी कहते हैं कि केन्द्र सरकार ने पैसे नहीं दिए। केन्द्र सरकार ने जितना पैसा बिहार और उत्तर प्रदेश में दिया, उतना किसी अन्य राज्य में नहीं दिया है।"
उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र ने पैसा दिया लेकिन पैसा जहां पहुंचना चाहिए था, वहां नहीं पहुंच पाया।
उन्होंने बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की खिंचाई करते हुए कहा, "सरकार कहती है कि यहां बहुत विकास हुआ। मैं पूछता हूं कि अगर विकास होता तो लोगों को रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ता। आज रोजगार के लिए यहां के लोगों को मुंबई, दिल्ली और हरियाणा जाना पड़ रहा है।"
राहुल ने कहा कि कल तक सबसे विकासशील राज्य रहे उत्तर प्रदेश और बिहार आज पिछड़ रहे हैं जबकि अन्य राज्य तेजी से आगे निकल रहे हैं। आज यहां ऐसी सरकार की जरूरत है जो जनता के लिए लड़ाई लड़े।
राहुल विशेष विमान से दरभंगा पहुंचे। हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खराबी आ जाने के कारण दरभंगा में उन्हें कुछ देर इंतजार करना पड़ा। उनके साथ कांग्रेस के बिहार प्रभारी मुकुल वासनिक भी थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications