भाखड़ा बांध का जलस्तर खतरे के निशान के करीब
भाखड़ा बांध के गोविंद सागर जलाशय में पानी का स्तर शनिवार दोपहर तक 1,679.75 फुट तक पहुंच गया। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने इस बांध को 'आधुनिक भारत का मंदिर' कहा था।
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के संयुक्त निदेशक वी. पी. शर्मा ने आईएएनएस से कहा, "शुक्रवार शाम को जलस्तर 1,678.6 फुट था। हिमाचल प्रदेश में बारिश के चलते जलस्तर में प्रतिदिन आधे से एक फुट की वृद्धि हो रही है।"
शर्मा ने कहा कि बांध के छोटे द्वार खोलकर कुछ पानी छोड़ा जा सकता है लेकिन 225 मीटर ऊंचे इस बांध के फ्लडगेट खोलने पर अभी विचार नहीं किया जा रहा है।
शर्मा ने कहा, "जब तक जल स्तर 1,680 फुट के करीब है हमारे पास 10 फुट की अतिरिक्त जल भराव क्षमता मौजूद है। यदि जल स्तर में और वृद्धि होती है तो हम स्थिति पर विचार करेंगे। फिलहाल पंजाब में बाढ़ का खतरा नहीं है।"
बांध के फ्लडगेट खोले जाने पर पंजाब के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है। भाखड़ा बांध चण्डीगढ़ से 130 किलोमीटर दूर पंजाब-हिमाचल प्रदेश सीमा पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications