स्कूल वैन में आग लगने से 11 बच्चे झुलसे (लीड-1)
यह हादसा जिले के बिलरियागंज कस्बे में हुआ, जहां निजी स्कूल मां यशोदा इण्टर कालेज की एक स्कूल वैन में आग लग गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। बच्चों की उम्र सात से 11 वर्ष के बीच है।
कार्यवाहक जिलाधिकारी छोटे लाल ने आईएएनएस को बताया, " प्रारंभिक जांच में यह लापरवाही का मामला प्रतीत हो रहा है। घटना के समय स्कूली वैन में 22 बच्चे सवार थे। स्कूल प्रशासन के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं।"
यह पूछे जाने पर कि क्या वैन में अधिकृत किट लगाई गई थी तो जिलाधिकारी ने कहा कि यह जांच का विषय है। इस बात की पड़ताल की जाएगी कि स्कूल और चालक की तरफ से सुरक्षा के मानकों का ख्याल रखा गया था या नहीं।
उधर, घटना के बाद से ही फरार वैन चालक को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस उपाधीक्षक योगेंद्र लाल ने कहा कि फरार चालक की तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications