पंजाब में धोखाधड़ी के आरोप में महिला गिरफ्तार
पुलिस ने शनिवार को इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि महिला की पहचान निशा गोगना के रूप में की गई है। निशा के पिता पुर्तगाल में पिछले कई साल से रह रहे हैं। पुलिस ने निशा की मां निर्मला गोगना के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है जो इस समय फरार है।
जिले के जंदिआला मंजिका गांव के निवासी जसबीर सिंह की शिकायत के बाद निशा को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
जसबीर सिंह ने बताया, "मैंने 10 लाख रुपये निशा और उसकी मां को दिए थे। उन्होंने मुझे पुर्तगाल नौकरी दिलाने का वादा किया था। अपने भाई के साथ पुर्तगाल भेजने की बजाय उन्होंने अवैध तरीके से मुझे रोमानिया भेज दिया।"
सिंह ने बताया, "रोमानिया में मैं पांच महीने तक रहा उसके बाद वीजा की अवधि समाप्त हो गई। इस दौरान निशा और उसकी मां मेरे संपर्क में रहे और मुझे पुर्तगाल भेजने का झूठा दिलासा देते रहे। हमारे गांव के दो अन्य युवक रणबीर सिंह और हरजीत सिंह अभी तक रोमानिया में ही फंसे हैं।"
जालंधर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) राजपाल संधू ने बताया, "मां-बेटी के खिलाफ हमें तीन शिकायतें मिली हैं। वह भोले-भाले युवकों को पुर्तगाल में नौकरी दिलाने की झूठा दिलासा दिलाकर ठगने का काम करती थी।"
संधू ने बताया कि आर्थिक अपराध शाखा की टीम इस मामले की जांच कर रही है। रणबीर और हरजीत अभी तक रोमानिया में फंसे हुए हैं। वे निशा को 22 लाख रुपये दे चुके हैं और अब उनके पास स्वेदश लौटने के लिए पैसा नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications