दिल्ली में सड़क दुर्घटना, 3 मरे
पुलिस के मुताबिक उत्तरी दिल्ली के मौर्या एन्क्लेव इलाके में शनिवार तड़के चार बजे एक कार लोहे के सरियों से लदे ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार महिला की मौत हो गई जबकि उसके पति को गंभीर चोटें आई हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "यह घटना उस समय हुई जब दंपति कार से गुरुद्वारे जा रहे थे। महिला के शरीर में लोहे का सरिया घुस जाने से उसकी मौत हो गई। किसी तरह से दोनों को कार से बाहर निकाला गया।"
इधर, दूसरी घटना दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग इलाके में शुक्रवार रात 10.15 बजे हुई। तेज गति से आ रही एक आल्टो कार ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।
पीड़ित की पहचान सोहन सिंह के रूप में की गई है। वह बस का इंतजार कर रहा था तभी कार ने उसे टक्कर मार दी।
सोहन का भाई देव सिंह भी उसके साथ मौजूद था, उसने बताया, "कार ने सोहन को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। कार में चार लोग सवार थे। हमने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन कार की गति काफी तेज थी।"
तीसरा हादसा उत्तरी दिल्ली के लोक विहार इलाके में शुक्रवार देर रात हुआ। नशे में धुत्त इंडिका कार के चालक ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। पीड़ित की पहचान रामबहादुर के रूप में की गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चालक नशे में था और उसने नियंत्रण खो दिया था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications