थरूर के प्रीतिभोज में नहीं पहुंच पाए प्रधानमंत्री
नई दिल्ली, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपने चहेते सांसद शशि थरूर की शादी के प्रीतिभोज में स्वयं तो नहीं पहुंच पाए, लेकिन उनका समर्थन थरूर के साथ है। प्रधानमंत्री की पत्नी गुरशरण कौर थरूर और उनकी पत्नी सुनंदा पुष्कर को आशीर्वाद देने शुक्रवार की रात प्रीतिभोज में उपस्थित थीं।
ज्ञात हो कि थरूर ने 22 अगस्त को केरल स्थित अपने पुश्तैनी घर पर कश्मीर मूल की दुबई निवासी सुनंदा पुष्कर से शादी की थी।
इंडिया हैबिटेड सेंटर में आयोजित प्रीतिभोज में गुरशरण कौर ने नवविवाहित दंपति से बातचीत की। दोनों पति-पत्नी ने समय निकाल कर पधारने के लिए कौर के प्रति आभार प्रकट किया।
सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रीतिभोज में इसलिए नहीं पहुंचे, क्योंकि ऐसे मौके पर वह सुरक्षा संबंधी झमेला नहीं खड़ा करना चाहते थे।
बहरहाल, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी तथा कैबिनेट के कई मंत्री समारोह में उपस्थित थे। गृह मंत्री पी.चिदंबरम, नवीन एवं अक्षय ऊर्जा मंत्री फारूक अब्दुल्ला, कॉरपोरेट मामलों के मंत्री सलमान खुर्शीद और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद खासतौर से प्रीतिभोज समारोह में उपस्थित रहे।
इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता लालकृष्ण आडवाणी और अरूण जेटली ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications