गलत जानकारी देने के लिए नक्सलियों ने मांगी माफी (लीड-1)
प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के मुंगेर-जमुई-लखीसराय जोन के स्वयंभू प्रवक्ता अविनाश ने शनिवार सुबह एक स्थानीय चैनल से कहा कि बंधक बनाए गए चार जवानों में से एक अभय यादव की हत्या की गलत जानकारी देने के लिए वह सभी से माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि दरअसल लुकस टेटे की हत्या की गई थी।
उन्होंने कहा कि किसी आदिवासी या गरीब की नहीं बल्कि एक पुलिसकर्मी की हत्या की गई है। उन्होंने अपनी मांग को फिर दोहराते हुए कहा कि सरकार अपने तीन पुलिसकर्मियों के एवज में जेल में बंद हमारे आठ साथियों को रिहा करे।
उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि पुलिस के ऑपरेशन चलाने से कुछ नहीं होगा, इस पर बेकार खर्च किया जा रहा है। इस ऑपरेशन से नक्सली मिलने वाले नहीं हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि बंधक बनाए गए शेष तीनों पुलिसकर्मी अभी जिन्दा हैं। इसका प्रमाण वे ऑडियो के जरिए शाम को मीडिया को सुना देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को बातचीत के लिए आगे आना चाहिए।
इसके पूर्व स्वयंभू प्रवक्ता अविनाश ने गुरुवार की शाम स्थानीय चैनलों से बात करते हुए दावा था किया था कि संगठन ने जन अदालत में सहायक पुलिस निरीक्षक एवं मानिकपुरा थाना के प्रभारी अभय कुमार यादव की हत्या कर दी।
शुक्रवार को लखीसराय के चनान थाना क्षेत्र से लुकस टेटे का शव बरामद किया गया। अभी भी रूपेश कुमार सिन्हा,अभय यादव तथा एहतेशाम खान नाम के पुलिसकर्मी नक्सलियों के कब्जे में बताए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications