उप्र में इतालवी पर्यटक का शव बरामद
भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला इलाके में स्थित त्रिपाठी गेस्ट हाउस (अतिथि गृह) के वेटिंग रूम में शुक्रवार रात इटली निवासी रोमैनो एंटीनिया (40) का शव बरामद किया गया।
भेलूपुर थाना प्रभारी राम मोहन यादव ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि एंटीनियो की मौत कैसे हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
यादव के मुताबिक प्रारंभिक जांच के मुताबिक एंटीनियो ने गुरुवार को कोलकाता से वाराणसी आकर त्रिपाठी गेस्ट हाउस में कमरा बुक कराया था। एंटीनियो शुक्रवार को कमरा छोड़कर वापस जा रहा था तभी उसने रिसेप्शन पर तबियत खराब होने की बात कही और वेटिंग रूम में थोड़ी देर आराम करने चला गया।
यादव ने बताया कि गेस्ट हाउस कर्मचारियों का कहना है कि जब दो घंटे बाद भी एंटीनियो नहीं उठा तो उन्होंने उसे जगाने का प्रयास किया जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो उन्होंने चिकित्सक को बुलाया। जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications