इराक पर ओबामा की सराहना, अर्थव्यवस्था पर आलोचना : सर्वेक्षण
सीएनएन/ओपिनियन रिसर्च कार्पोरेशन के शुक्रवार को जारी सर्वेक्षण के अनुसार राष्ट्रपति के तौर पर ओबामा के कार्य से 50 प्रतिशत अमेरिकी संतुष्ट हैं। पिछले महीने ऐसे लोगों की संख्या 47 प्रतिशत थी। ओबामा के कार्य से 49 प्रतिशत लोग असंतुष्ट हैं। अगस्त की तुलना में यह दो प्रतिशत कम है।
इराक में अमेरिकी सैन्य अभियान समाप्त करने की ओबामा की घोषणा के बाद बुधवार और गुरुवार को कराए गए सर्वेक्षण में इराक में युद्ध के मुद्दे पर उनके फैसले से 57 प्रतिशत लोग सहमत हैं। जुलाई माह की तुलना में यह आठ प्रतिशत अधिक है।
सीएनएन के सर्वेक्षण निदेशक कीटिंग हालैंड ने कहा कि इराक से सैनिकों की वापसी का ओबामा का फैसला बहुत लोकप्रिय है।
उन्होंने कहा कि 10 में से केवल तीन लोगों का कहना है कि अमेरिका को अब भी इराक में लड़ाकू सेनाओं को बनाए रखना चाहिए। करीब 28 प्रतिशत लोगों का मानना है कि इराक से सेनाओं को हटाने का यह सही समय है और 10 में से चार लोग मानते हैं कि यह काम पहले कर लिया जाना चाहिए था।
सर्वेक्षण में शामिल अधिकांश लोगों का मानना है कि इराक से एक बार अमेरिका की पूरी सेना की वापसी के बाद स्थानीय सरकार कानून और व्यवस्था की स्थिति को संभालने में सक्षम नहीं होगी।
हालैंड ने कहा कि हर पांच में से केवल एक व्यक्ति मानता है कि इराक का युद्ध समाप्त हो गया है। सर्वेक्षण के अनुसार अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर ओबामा के कार्य को अधिकांश लोगों ने खराब माना है। करीब 60 प्रतिशत लोग आर्थिक क्षेत्र में ओबामा के कार्य से संतुष्ट नहीं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications