यूपी में बाढ़ का कहर जारी, तीन लाख प्रभावित

शारदा और घाघरा ने सबसे ज्यादा तबाही राज्य के बाराबंकी, गोंडा, बहराइच और लखीमपुर खीरी जिलों में मचाई है। इन जिलों में निचले इलाकों के करीब तीन सौ गांव जलमग्न हो गए हैं। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में लगातार तेज और सामान्य बारिश का दौर जारी है।
घाघरा के तेज बहाव से टूटे बाराबंकी के एल्गिन-चरसरी तटबंध का पानी लगातार सीमावर्ती जिले गोंडा के गांवों में तबाही मचा रहा है। गोंडा की कर्नलगंज और तरगंज तहसील में बाढ़ प्रभावित गांवों की संख्या तकरीबन 100 हो गई है।
वहीं, बाराबंकी में एल्गिन-चरसरी तटबंध टूटने से हजारों ग्रामीण प्रभावित हुए हैं। जिले के जिलाधिकारी विकास गोसवाल ने संवाददाताओं को बताया कि हालात पहले से बेहतर हो रहे हैं। घाघरा के जलस्तर में पहले की तुलना में कुछ कमी आई है।
उन्होंने कहा कि अब तक करीब 25,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बहराइच में बाढ़ से अब तक तकरीबन 100 गांवों के एक लाख से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं। सैकड़ों एकड़ फसलें बाढ़ में डूबकर नष्ट हो चुकी हैं। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ प्रभावित लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी और गोंडा जिलों में बाढ़ और भारी बारिश से अब तक कुल 11 मौतें हो चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications