ब्लैकबेरी की गलती नहीं दोहराएगी नोकिया
नई दिल्ली। मोबाइल फोन निर्माता क्षेत्र की प्रमुख कंपनी नोकिया ने कहा है कि वह मैसेंजर सेवा के लिए पांच नवंबर से अपना भारतीय सर्वर शुरू कर देगी। कंपनी ने कहा है कि इसके लिए सुरक्षा एजेंसियों की मंजूरी मिल गई है। नोकिया इंडिया के उपाध्यक्ष डी शिव कुमार ने बताया, "भारत में हमारी मैसेंजर सेवा के लिए सर्वर पांच नवंबर से सक्रिय हो जाएगी।"
कंपनी ने मैसेंजर सेवा के रास्ते में आने वाली सभी संभावित दिक्कतों को दूर करने की कोशिश कर रही है। नोकिया चाहती है कि जो दिक्कतें ब्लैकबेरी को सुरक्षा एजेंसियों के साथ हुई उसे वह दिक्कतें ना उठानी पड़ें। इसलिए कंपनी पहले ही खुद को मजबूत करना चाहती है। उल्लेखनीय है कि ब्लैकबेरी की कंपनी रिम के भारत सरकार के साथ हुए विवाद के बाद कंपनी के शेयर्स में गिरावट दर्ज की गयी।
कुमार ने बताया,"हम इस मसले को लेकर करीब एक महीने पहले गृह मंत्रालय के अधिकारियों से मिले थे। हमारी सेवा बिल्कुल सुरक्षित है।" ऐसा लगता है कि ब्लैकबेरी विवाद से नोकिया को फायदा पहुंचा है। उद्योग जगत के सूत्रों का कहना है कि ब्लैकबेरी विवाद के कारण नोकिया के स्मार्ट फोन्स की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है, यह भय पैदा हो गया है कि ब्लैकबेरी के उपभोक्ता भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती के कारण यह सेवा ज्यादा समय तक इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।