भोपाल के पत्रकारिता विवि में छात्रों का हंगामा
भोपाल, 31 अगस्त (आईएएनएस)। पिछले कुछ अरसे से विवाद का केंद्र बने भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में छात्रों ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया और तालेबंदी की। छात्र अध्यापन का कार्य समय से शुरू न होने से नाराज हैं और कुलपति को हटाने की मांग कर रहे हैं।
छात्रों ने मंगलवार को विश्वविद्यालय में व्याप्त गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए तालाबंदी कर हंगामा किया। छात्रों का आरेाप है कि विश्वविद्यालय में हर साल अध्यापन का कार्य 15 जुलाई को शुरू हो जाता था, मगर इस साल अभी तक यह सिलसिला शुरू नहीं हो पाया है। इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से बतौर अतिथि अध्यापक बुलाए जाने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को इस बार नहीं बुलाया जा रहा है।
छात्रों का आरेाप है कि कुलपति बी. के. कुठियाला विश्वविद्यालय को विद्यालय बनाने पर तुल गए है। पूर्व में प्रवेश के लिए परीक्षा होती रही है मगर इस बार काउंसिलिंग प्रक्रिया को अपनाया गया।
छात्रों की मांग है कि वर्तमान कुलपति कुठियाला को पद से हटाया जाए। ऐसा न होने पर छात्रों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
मालूम हो कि पिछले दिनों कुलपति से नाराज विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने प्रदर्शन व नारेबाजी की थी। साथ ही अध्ययन केंद्र संचालक भी कुलपति की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जता चुके हैं। इन घटनाओं को लेकर पक्ष जानने के लिए कुलपति कुठियाला से संपर्क किया गया मगर वे उपलब्ध नहीं हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications