घाटी के अधिकांश हिस्सों से कर्फ्यू हटा
एक पुलिस अधिकारी ने यहां बताया, "पुराने शहर के पांच थाना क्षेत्रों और बडगाम शहर को छोड़कर घाटी के बाकी इलाकों से कर्फ्यू हटा लिया गया है और सुरक्षा प्रबंधों में ढील दी गई है।"
सार्वजनिक अवकाश होने के नाते दुकाने, शैक्षिक संस्थान, व्यापारिक प्रतिष्ठान और बैंक बंद रहे लेकिन सार्वजनिक और निजी वाहनों की आवाजाही हुई।
श्रीनगर के ऊंचाई वाले इलाके में रहने वाले 37 वर्षीय शिक्षक रियाज अहमद ने बताया, "आज तनाव काफी कम है। मैं शाम को रोजा खोलने के लिए जरूरी कुछ चीजे लेने के लिए सुबह बाजार गया था।"
हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी गुट के नेता सैयद अली गिलानी ने शनिवार को जुलूस निकालने का आह्वान किया था लेकिन प्रशासन द्वारा कर्फ्यू लगा दिए जाने से यह संभव नहीं हो सका। गिलानी के गुट ने अब रविवार, सोमवार और मंगलवार को बंद रखने का आह्वान किया है।
घाटी में जारी अशांति के मौजूदा दौर को रविवार को 80 दिन हो गए। यहां गत 11 जून से जारी विरोध प्रदर्शनों और हिंसा में अब तक 64 लोग मारे जा चुके हैं।
इससे पहले शनिवार को महिला अलगाववादी नेता एवं दुखतरान-ए-मिल्लत गुट की प्रमुख आसिया अंद्राबी को श्रीनगर के जकूरा क्षेत्र के एक मकान से गिरफ्तार कर लिया गया। अंद्राबी का गुट काफी कट्टर माना जाता है और वह गिलानी की अगुवाई वाले हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े का महत्वपूर्ण घटक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications