विदेशी राहत कर्मियों पर हमले की धमकी नहीं : मलिक
इस्लामाबाद, 27 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री रहमान मलिक ने इस आशंका से इंकार किया कि आतंकवादी बाढ़ प्रभावित पाकिस्तान में राहत कार्यो में जुटे अंतर्राष्ट्रीय मानवतावादी एजेंसियों के कार्यकर्ताओं को निशाना बना सकते हैं।
मलिक ने यहां शुक्रवार को बीबीसी से बातचीत में कहा कि सुरक्षा एजेंसियों ने सरकार को इस तरह की कोई धमकी मिलने की सूचना नहीं दी है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा, "अगर सचमुच कोई धमकी मिली तो उससे निपटने के लिए सरकार के पास पूरी क्षमता है।"
इससे पहले मीडिया में खबर आई थी कि अमेरिकी अधिकारियों को इस बात की आशंका है कि पाकिस्तान में बाढ़ की विभीषिका के बाद सहयोग दे रहे विदेशियों पर आतंकवादी हमला कर सकते हैं।
वाशिंगटन में एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा था, "अमेरिकी सरकार को मिली सूचना के अनुसार पाकिस्तान में चल रहे राहत अभियान में भाग ले रहे विदेशियों के खिलाफ आतंकवादी हमले की साजिश रच रहे हैं।"
अधिकारियों ने चतावनी दी, "आतंकवादी इस्लामाबाद में शासन से जुड़े व्यक्तियों एवं प्रांतीय मंत्रियों पर हमले की साजिश भी रच सकते हैं।"
पाकिस्तान में बाढ़ की विभीषिका 28 जुलाई को खबर-पख्तूनख्वा से शुरू हुई और यह बलूचिस्तान, पंजाब तथा सिंध प्रांत में बुनियादी ढांचे को बहा ले गई। बाढ़ के कारण 1,600 से अधिक लोगों की मौत हो गई और दो करोड़ से अधिक लोग विस्थापित हो गए।
अमेरिकी अधिकारियों ने इससे पहले कहा था कि वे देश के संकटग्रस्त हिस्सों में सहायता पहुंचाने के दौरान सौहार्दता पर कोई आघात होने देना नहीं चाहते, क्योंकि 'आतंकवाद के विरुद्ध युद्ध' तथा ड्रोन हमले के कारण वहां अमेरिका के प्रति पहले से ही नाराजगी है।
संभावित हमलों की चेतावनी के बावजूद उत्तरी पाकिस्तान में राहत कार्य चला रही अमेरिकी सेना एक जनरल ने संवाददाताओं से कहा कि अमेरिकी बलों को सुरक्षा के मामले में अब तक किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications