बिहार की सभी ग्राम पंचायतों में रहेगा अनाज
राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि सभी 8,463 ग्राम पंचायतों में एक-एक क्विंटल अनाज सुरक्षित रखा जाएगा जो तत्काल जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया जा सकेगा। आपदा पीड़ित क्षेत्र में जैसे ही किसी परिवार में अनाज की कमी या भुखमरी की जानकारी मिलेगी उसे तत्काल इस खद्यान्न में से 40 किलोग्राम अनाज उपलब्ध करा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह अनाज ग्राम पंचायत भवन में रखा जाएगा जिसके रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी उस पंचायत के मुखिया पर होगी।
इसके पूर्व ही खाद्य विभाग ने सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को शत-प्रतिशत अनाज प्रबंधन कराने के निर्देश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में किसी को भी भूख से नहीं मरने देने की बात कही है।
गौरतलब है कि मानसून की बेरुखी के कारण तीन अगस्त को राज्य के 38 जिलों में से 28 जिलों को तथा बाद में 15 अगस्त को शेष 10 जिलों को भी सूखाग्रस्त घोषित कर दिया गया। इसके बाद बिहार और नेपाल सीमा पर हुई बारिश के कारण राज्य की प्रमुख नदियों के जलस्तर में वृद्घि हो गई। इससे उत्तरी बिहार के कई जिलों के सैकड़ों गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications