कनाडा में हमले की साजिश के तार पाकिस्तान, ईरान में
टोरंटो, 27 अगस्त (आईएएनएस)। कनाडा में आतंकवादी हमले की साजिश के तार पाकिस्तान, ईरान और दुबई से जुड़े हैं जबकि कनाडाई पुलिस ने गुरुवार सुबह साजिश में शामिल एक अन्य आतंकी को गिरफ्तार किया।
रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने कहा कि संदिग्ध आतंकवादी अगले कुछ महीनों में ही कनाडा में पहला आतंकवादी हमला कर सकते थे।
गिरफ्तार किए गए संदिग्ध 30 वर्षीय हिवा मोहम्मद अलीजादेह और 26 वर्षीय मिसबाहुद्दीन अहमद हैं। खबरों के मुताबिक अहमद के मकान मालिक ने उसे भारतीय मूल का बताया है। इन दोनों को बुधवार को ओटावा में गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार सुबह पुलिस ने दक्षिण-पूर्वी टोरंटो में 28 वर्षीय खुर्रम खान को गिरफ्तार किया।
खान पाकिस्तान से यहां आया है और उसने वर्ष 2007 में कनाडियन आइडल प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लिया था। इस प्रतिस्पर्धा में खान ने पाकिस्तानी पहनावा सलवार-कमीज पहना था।
इन तीनों संदिग्ध आतंकियों पर उनके तीन कनाडाई सहयोगियों जकारिया ममोस्ता, रिजगर अलीजादेह और जेम्स लारा की मदद से आतंकी साजिश रचने का आरोप है। इसके अलावा इस साजिश में पाकिस्तान, ईरान, अफगानिस्तान और दुबई के कुछ लोग भी शामिल हैं। इन लोगों पर अफगानिस्तान में भी आतंकी समूहों को वित्तीय मदद देने का भी आरोप है।
कनाडाई पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक सर्किट बोर्ड बरामद किए हैं। इनका इस्तेमाल विस्फोटक उपकरण बनाने के लिए किए जाने का संदेह है।
पुलिस ने कहा कि यह साजिश फरवरी 2008 से रची जा रही थी। एक साल तक निगरानी के बाद संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
इस आतंकी साजिश के खुलासे के बाद प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने कहा, "जीवन की आम परेशानियों के अलावा कनाडा को कुछ गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।"
उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों को निशाना बना रहे आतंकी संगठनों की पहुंच वैश्विक है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "इनकी उपस्थिति अब केवल दूर-दराज के देशों में नहीं रही। वैश्वीकरण और इंटरनेट के जरिए इनकी पहुंच दुनिया के सभी देशों में हो गई है।"
इससे पहले कनाडा में जून 2008 में अलकायदा की एक अन्य साजिश का खुलासा हुआ था जिसमें टोरंटो से 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इन 18 लोगों में से 11 आतंकियों को दोषी ठहराया जा चुका है।
कनाडा की 3.4 करोड़ की जनसंख्या में 10 लाख मुस्लिम हैं और इनकी संख्या अगले दो दशक में बढ़कर तीन गुना होने का अनुमान है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications