भारत-पाकिस्तान के बीच अब बाढ़ के पानी को लेकर विवाद
फिरोजपुर (पंजाब), 27 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के लोगों ने तीन युद्ध झेले हैं, और पानी की हिस्सेदारी पर भी दोनों देशों के बीच विवाद रहा है। लेकिन अब दोनों देशों के लोग बाढ़ के पानी से छुटकारा पाने के लिए विभिन्न मोर्चो पर लड़ाई लड़ रहे हैं।
दोनों देशों में पिछले कुछ हफ्तों से भारी बारिश होने के कारण कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं- पाकिस्तान का पांचवां हिस्सा बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है। दोनों देशों के क्षेत्रीय अधिकारी अधिक पानी से छुटकारा पाने का प्रयास कर रहे हैं।
पंजाब में कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान से पानी छोड़े जाने के कारण फिरोजपुर जिले के आधा दर्जन गांव तीन से पांच फीट पानी में डूब गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि पड़ोसी देश पाकिस्तान के अधिकारी अपनी तरफ से भारत में पानी छोड़ रहे हैं, जिस कारण अकेले फिरोजपुर जिले के चमड़ियावाला, सुल्तानवाला, निजामवाला तथा अन्य गांवों में बाढ़ आ गई है।
पंजाब के कृषि मंत्री जनमेजा सिंह सेखों ने कहा, "पाकिस्तान ने अपनी तरफ से सतलुज नदी पर एक छोटा बांध बना रखा है, जिस कारण पानी यहां (भारत) हमारी ओर आना शुरू हो गया है और बाढ़ का कारण बन रहा है।"
उन्होंने कहा कि तीन नदियां- सतलुज, ब्यास और रावी- भारतीय क्षेत्र (पंजाब राज्य) से पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बहती हैं। इस मानसून के मौसम में सभी नदियां भर चुकी हैं। भारत ने ज्यादा पानी पाकिस्तान में बहाने की अनुमति दी है। दूसरी ओर, बाढ़ की विभीषिका झेल रहे पाकिस्तान के अधिकारी पानी का प्रवाह भारत की ओर मोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
अधिकारियों ने यहां बताया कि पाकिस्तान की ओर से पानी का प्रवाह भारत की ओर मोड़ने की ऐसी ही घटना सीमावर्ती जिले अमृतसर और गुरदासपुर में भी होने की सूचना मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications