मुंबई : पकड़े गए हीरे चोर, सभी विदेशी नागरिक
मुंबई। मुंबई की एक आभूषण प्रदर्शनी से चोरी गए 6.6 करोड़ रुपये के हीरे चोरों को पकड़ लिया गया है। मुंबई में इंडिया इंटरनेशनल ज्वेलरी शो-2010 के दौरान आए चार संदिग्ध लोगों को पुलिस ने इंटरपोल की मदद से हिरासत में लिया है। इनमें से 3 मेक्सिको के और 1 वेनेजुएला का एक नागरिक है। ये सभी दुबई फरार हो गए थे लेकिन इंटरपोल की मदद से इन्हे पकड़ लिया गया। सूत्रों के अनुसार चुराए गए सभी हीरे बरामद भी कर लिए गए हैं हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
इनमें से 2 की उम्र 24 साल है जबकि एक संदिग्ध 39 साल का है। ये सभी मेक्सिको के नागरिक हैं। इनके अलावा एक वेनेजुएला का नागरिक है। ये चारों इस समय दुबई पुलिस की हिरासत में हैं। इन्हें मंगलवार की सुबह भारतीय गृह मंत्रालय के आग्रह पर पकड़ा गया। मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ज्वेलरी शो के दौरान आने वाले आगंतुकों की सीसीटीवी फुटेज और आव्रजन कार्यालय के आंकड़ों की जांच करने के बाद हीरे की चोरी के मामले का पर्दाफाश किया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच अपराध शाखा और इंटरपोल की मदद से की जा रही है। दुबई और मेक्सिको में स्थित भारतीय दूतावासों ने दोषियों को वापस लाकर मामला दर्ज करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। जेम्स एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रोमोशन काउंसिल (जीजेईपीसी) ने बताया कि तीन आरोपियों में एक महिला भी शामिल है जो मेक्सिको की निवासी है।












Click it and Unblock the Notifications