आस्ट्रेलिया में त्रिशंकु संसद के आसार (लीड-3)
72 प्रतिशत वोटों की गिनती हो चुकी है और गिलार्ड की लेबर पार्टी को विपक्ष के 49.4 प्रतिशत के मुकाबले 50.6 प्रतिशत मत प्राप्त हुए हैं।
आस्ट्रेलियाई निर्वाचन आयोग ने आधिकारिक रूप से घोषणा की है लेबर पार्टी को अब तक 60 सीटें, विपक्षी गठबंधन को 58 सीटें, निर्दलीय उम्मीदवारों को तीन सीटें तथा ग्रीन्स को एक सीट प्राप्त हुई है। अभी 28 सीटों का परिणाम आना बाकी है।
गिलार्ड ने शनिवार को देर शाम कहा कि चुनाव का अंतिम परिणाम आने तक वह देश के कार्यवाहक नेता के रूप में एक मजबूत व स्थिर सरकार का नेतृत्व करती रहेंगी।
आस्ट्रेलियाई निर्वाचन आयोग में सूचीबद्ध एक करोड़ 40 लाख मतदाताओं को तय करना है कि अगला प्रधानमंत्री कौन बनेगा। लेकिन अंतिम परिणाम दो सप्ताह देर से आएगा, क्योंकि लगभग 23.50 लाख वोट डाक द्वारा डाले गए हैं।
आस्ट्रेलियाई निर्वाचन कानून के अनुसार डाक के जरिए डाले गए वोटों का फैसला मतदान से 13 दिनों बाद ही किया जा सकता है।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि साधारण मतपत्रों की गिनती रविवार तक जारी रहेगी। पूरे देश के 7,700 मतदान केंद्रों पर स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम छह बजे मतगणना आरंभ हुई।
समाचार पत्र 'द एज' के अनुसार चुनाव का परिणाम दो सप्ताह से पहले आने की उम्मीद नहीं है।
गिलार्ड तीनों निर्दलीयों का समर्थन हासिल करने में जुटी हुई हैं, क्योंकि सत्ता में बने रहने के लिए उन्हें तीनों का समर्थन हर हाल में चाहिए।
गिलार्ड ने विपक्षी नेता टोनी एबट को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि एबट दुर्जेय प्रतिद्वंद्वी साबित हुए हैं और उन्होंने कड़ी टक्कर दी है।
गिलार्ड ने कहा, "मैं लड़ाई जारी रखूंगी। हम इस देश में सरकार बनाने के लिए लड़ाई जारी रखेंगे। आप में से कई सारे लोगों ने अभी भरोसा कायम रखा है, लेकिन आने वाले दिन चिंताजनक होंगे। हमारी सकारात्मक योजना की लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है।"
इस बीच विपक्षी नेता टोनी एबट ने कहा है कि लेबर सरकार ने अपनी वैधानिकता खो दी है और इसलिए उन्होंने आगे पड़ी जिम्मेदारियों को लेकर खुद को विनीत महसूस किया है।
उन्होंने कहा, "गठबंधन वापस सत्ता में लौट आया है। यह हमारी उपलब्धियों पर गर्व करने की, अच्छे परिणाम पर संतुष्टि की रात है, जिसे हमने हासिल किया है।"
एबट ने दावा किया कि उनके गठबंधन को लेबर से 400,000 अधिक लोगों ने वोट दिया है।
आस्ट्रेलिया में गुरुवार तक 20 लाख से अधिक मतदाता डाक मतपत्रों का उपयोग हो चुका था। यह कुल मतदाताओं की संख्या का 14 प्रतिशत है।
हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स की 150 सीटों और 76 सीटों वाली सीनेट की 40 सीटों के लिए कुल 1,198 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।
इसके पहले एक चुनाव पूर्व सर्वेक्षण में कहा गया था कि गिलार्ड की पार्टी को 50.2 फीसदी और एबट के गठबंधन को 49.8 फीसदी मत हासिल हो सकते हैं। अगर विपक्षी गठबंधन अपनी मौजूदा सीटों में 17 सीटों का इजाफा कर लेता है तो वह सरकार का गठन कर लेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications