कश्मीर में सिखों की सुरक्षा सुनिश्चित हो : भाजपा
चण्डीगढ़, 21 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को केंद्र सरकार से कहा कि वह घाटी में सिखों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जम्मू एवं कश्मीर सरकार को तुरंत निर्देश जारी करे।
पार्टी ने कहा है कि वहां सिखों को इस्लाम धर्म अंगीकार करने या खतरनाक परिणाम भुगतने की गुमनाम धमकियां मिल रही हैं।
पार्टी महासचिव जगत प्रकाश नाड्डा ने यहां संवाददाताओं से कहा, "ऐसी घटनाएं हमारे देश में बर्दाश्त के लायक नहीं हैं। सभी अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों को यहां सुरक्षा का अहसास होना चाहिए तथा देश के प्रत्येक राज्य में उन्हें सुरक्षा मिलनी चाहिए। हम यह बात जम्मू एवं कश्मीर में रह रहे सिखों के अलावा सभी अल्पसंख्यक समुदायों के बारे में कह रहे हैं। किसी को उनके अधिकारों का हनन करने और समानता पर आघात करने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।"
उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार को समुचित कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को तुरंत निर्देश जारी करना चाहिए, ताकि घाटी में रह रहे सिख भय महसूस न करें। यह उनका अपना देश है और वह अपनी इच्छानुसार किसी भी राज्य में रहने के लिए स्वतंत्र हैं।"
उल्लेखनीय है कि भाजपा की ओर से शनिवार को समूचे देश में 'कश्मीर बचाओ दिवस' मनाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications