परिवार के 6 सदस्यों ने जहर खाया, 4 की मौत (लीड-1)
पुलिस ने शनिवार को बताया कि जिले के पियरवा पोखरा गांव का रहने वाला 43 वर्षीय सुभाष कुमार स्कूटर मैकेनिक का काम करता था। पिछले कुछ दिनों से वह बेरोजगार था। गरीबी से तंग आकर शुक्रवार देर रात उसने अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ जहर खा लिया। बच्चों की उम्र सात से 14 वर्ष के बीच थी।
पुलिस निरीक्षक दीपक दूबे ने संवाददाताओं से बताया, "प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गरीबी के चलते सभी ने जहर खाया। सुभाष ने ही अपनी पत्नी और चार बच्चों को जहर दिया था।"
उन्होंने बताया कि जहर खाने की वजह से सुभाष की 39 वर्षीय पत्नी सीमा, दो बेटियों-नौ साल की पुन्नी देवी और 14 वर्ष की रानी व 12 साल के बेटे राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। सुभाष और उसकी सात साल की बेटी मोना जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
घटना की जानकारी शुक्रवार रात को हुई जब गांव के कुछ लोग सुभाष से मिलने के लिए उसके घर गए और देखा कि परिवार के छह लोग बेहोशी की हालत में फर्श पर पड़े हुए हैं।
दूबे ने कहा, "इसके बाद स्थानीय लोगों ने हमें इसकी सूचना दी, लेकिन जब तक हम मौके पर पहुंच पाते, तीन बच्चों और उनकी मां की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने सुभाष और उसकी बेटी की हालत नाजुक बताई है।"
बताया जा रहा है कि नौकरी चली जाने के बाद सुभाष पिछले कई हफ्तों से परिजनों की देखभाल करने में परेशानी का सामना कर रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications