घाटी में फिर कर्फ्यू और बंद
पुलिस के मुताबिक अनंतनाग और बिजबेहरा कस्बों के साथ श्रीनगर के नौ थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है वहीं सोपोर, बारामूला, हंदवाडा और कुपवाडा कस्बों में प्रतिबंध लगाए गए हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "सूचनाएं मिली हैं कि उपद्रवी और असामाजिक तत्व शांति भंग करने और युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं।"
घाटी में 11 जून के बाद से चल रही हिंसा में अब तक 62 लोगों की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को कश्मीर के बिजबेहरा कस्बे में पुलिस थाने को घेरकर उसे पेट्रोल बम से जलाने की कोशिश कर रही एक भीड़ पर गोलीबारी में एक 28 वर्षीय युवक नजीर अहमद की मौत हुई थी।
इसके अलावा एक अन्य युवक 18 वर्षीय मुदस्सर नजीर की मौत सोपोर में अपनी ड्यूटी खत्म करके लौट रही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टीम पर हमला करने वाली भीड़ पर गोलीबारी के दौरान हुई थी।
सोपोर के निवासियों का कहना है कि सीआरपीएफ के जवानों ने बिना किसी भड़कावे के गोली चलाई।
अलगाववादी हुर्रियत दल के नेता सैय्यद अली गिलानी ने शनिवार को घाटी में बंद की घोषणा की ।
शहर के कई इलाकों में कर्फ्यू लगाए जाने के कारण बाजार, शिक्षण संस्थान, बैंक आदि बंद कर दिए गए ।
समाचार पत्र मालिकों का कहना है कि जम्मू एवं कश्मीर के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में समाचार पत्रों का वितरण बंद करा दिया गया है।
एक समचार पत्र के संपादक ने कहा, "पुलिस ने इन इलाकों में समाचार पत्रों की प्रतियां जब्त कर ली हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications