पंजाब में ऑनर किलिंग : पिता ने की बेटी और प्रेमी की हत्या
मोगा। परिवार की कथित इज्जत बचाने की खातिर की जाने वाली हत्याओं का सिलसिला थमता नहीं नजर आ रहा। देश का कोई ऐसा हिस्सा नहीं छूटा जहां से इस तरह की खबर ना मिली हो। गुरुवार को पंजाब के मोगा जिले के चांदपुराना गांव में एक पिता ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक मरने वालों की पहचान 17 साल की लवप्रीत कौर और 22 साल के हरजिंदर सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया, "प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लवप्रीत और हरजिंदर में पिछले कई महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार की रात लगभग एक बजे हरजिंदर लवप्रीत के घर उससे मिलने गया। लवप्रीत के पिता अपनी बेटी के कमरे में हरजिंदर को देखकर आपे से बाहर हो गया और उसने दोनों पर गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर बाहर इंतजार कर रहा हरजिंदर का भाई भीतर आया। एक गोली उसकी जांघ में भी लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
पुलिस के मुताबिक यह ऑनर किलिंग का मामला हो सकता है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही इसकी पुष्टि होगी। दोहरी हत्या का आरोपी पिता घटना के बाद से फरार है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications