9 बरस से अंधेरे में डूबा है पिपरी सिंगीपुर
पीलीभीत, 20 अगस्त (आईएएनएस)। जिन गांवों में बिजली नहीं पहुंची, उन्हें तो अंधेरे में डूबे आपने देखा होगा लेकिन उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक गांव ऐसा है जो केवल विद्युत विभाग की लापरवाही की वजह से पिछले नौ साल से अंधेरे में डूबा है।
करीब 700 की आबादी वाला पीलीभीत जिले का पिपरी सिंगीपुर गांव केवल बिजली के ट्रांसफार्मर में आई खराबी ठीक न होने की वजह से पिछले नौ साल से अंधेरे में है। ग्रामीणों का कहना है कि 2001 में गांव में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में कुछ तकनीकी खराबी आ जाने से बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई थी। तब से आज तक वह ऐसे ही पड़ा है। विद्युत विभाग ने उसे बदलने या ठीक करने की जहमत नहीं उठाई।
गांव की महिला सरपंच रंजीत कौर ने आईएएनएस को बताया कि गांव की यह कड़वी सच्चाई उन सरकारी अधिकारियों की उदासीनता और ढुलमुल रवैए को उजागर करती है, जिन पर नागरिकों को बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ट्रांसफार्मर की खराबी के बारे में जिला प्रशासन और विद्युत विभाग को कई बार लिखित जानकारी दी, धरना प्रदर्शन करके ज्ञापन भी दिए गए लेकिन विभाग का कोई कर्मचारी आज तक बिजली ठीक करने नहीं आया।
अड़तालीस वर्षीय ग्रामीण बक्शी सिंह कहते हैं कि हम लोग गत नौ साल से गुहार लगा रहे हैं लेकिन विभाग की तरफ से रोज वादे किए जाते हैं। सरकारी अधिकारी हमारी समस्या को लेकर कतई गंभीर ही नहीं हैं। वे अगर चाहें तो चंद दिनों में हमारे गांव की बिजली की खराबी दूर की जा सकती है।
पिपरी सिंगीपुर गांव का विद्युतीकरण 1990 के आस-पास हुआ था।
गांव में बिजली न आने से लोगों को नाना प्रकार की समस्याओं से जूझ्झना पड़ता है। ग्रामीण कुशल चंद कहते हैं कि सारा गांव शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह बेहद असुरक्षित है। गांव में बिजली न होने के चलते आए-दिन चोरी की कई घटनाएं सामने आती हैं।
ग्रामीणों को अक्सर अपने मोबाइल फोन चार्ज करने या पसंदीदा टीवी कार्यक्रम देखने पास में सटे दूसरे गांव जाना पड़ता है। पिपरी सिंगीपुर गांव के लोगों की उम्मीद खत्म हो गई है कि कभी उनके गांव की बिजली ठीक होगी। इसिलए वे अपने कनेक्शन कटवा रहे हैं।
गांव की बिजली आपूर्ति देखने वाले उत्तर प्रदेश बिजली निगम के इंजीनियर ओम प्रकाश ने आईएएनएस से कहा कि विभाग को पता है कि बिजली के ट्रांसफार्मर में कुछ खराबी के चलते उस गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है।
आगे कुछ भी बताने से इंकार करते हुए इंजीनियर ने कहा कि हमारे विभाग के कर्मचारी पूरे मामले को देख रहे हैं।
पीलीभीत के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने इस बारे में पूछे जाने पर आईएएनएस से कहा कि यह आश्चर्यजनक और चौंकाने वाली बात है कि गांव में ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद भी लोग नौ साल से बिना बिजली के अंधेरे में जीवन गुजार रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर संबंधित अधिकारी से चर्चा करेंगे और जल्द से जल्द इस समस्या का निपटारा किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications