दंतेवाड़ा जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई
नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। संसद को बुधवार को सूचित किया गया कि छत्तीसगढ़ में छह अप्रैल को हुए नरसंहार के पीछे हुई चूक के लिए जिम्मेदार अपने अधिकारियों के खिलाफ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने एक न्यायिक जांच का आदेश दिया है। हमले में सीआरपीएफ के 75 जवान मारे गए थे।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय माकन ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पी.राजीव को दिए एक लिखित जवाब में राज्यसभा में कहा कि यह जांच, दंतेवाड़ा में हुए हमले पर ई.एन.राममोहन जांच आयोग की रिपोर्ट के अनुवर्ती का एक हिस्सा है।
छह अप्रैल को हुए नक्सली हमले में सीआरपीएफ के 75 जवानों की तथा एक राज्य पुलिस के कांस्टेबल की मौत हो गई थी।
माकन ने कहा कि इस हमले में सीआरपीएफ के कई अधिकारियों को चूक के लिए जिम्मेदार पाया गया था।
माकन ने कहा कि आयोग की सिफारिशों पर हर नक्सल प्रभावित राज्य में नक्सल विरोधी अभियान की निगरानी के लिए सीआरपीएफ की ओर से एक महानिरीक्षक को नियुक्त किया गया है।
माकन ने कहा कि सीआरपीएफ और राज्य पुलिस के बीच सामंजस्य बढ़ाने के लिए कदम उठाए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications