बेंगलुरू पुलिस ने मदनी से पूछताछ की
बेंगलुरू, 18 अगस्त (आईएएनएस)। वर्ष 2008 के बेंगलुरू बम विस्फोटों के षडयंत्र में शामिल होने के आरोप के आरोप में गिरफ्तार किए गए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख अब्दुल नासिर मदनी से बुधवार को पुलिस ने पूछताछ की।
मदनी को मंगलवार को 26 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजा गया था। उसे अज्ञात स्थान पर रखा गया है।
एक पुलिस प्रवक्ता ने आईएएनएस से कहा, "हम इस बात को सार्वजनिक नहीं करना चाहते कि मदनी को कहां रखा गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।"
बेंगलुरू में 25 जुलाई 2008 को हुए बम विस्फोटों के षडयंत्र रचने के 32 आरोपियों में मदनी शामिल हैं। करीब 30 मिनट के अंतराल में हुए आठ विस्फोटों में एक महिला की मौत हो गई थी और 15 घायल हुए थे।
पीडीपी अध्यक्ष को मंगलवार को कर्नाटक पुलिस ने केरल के कोल्लम जिले में अनवारसेरी में उनके आवास स्थित पार्टी कार्यालय से गिरफ्तार किया था। मदनी पर हत्या, देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने और गैरकानूनी गतिविधियां चलाने के आरोप हैं।
मदनी को मंगलवार शाम बेंगलुरू के अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट वेंकटेश हुलागी के समक्ष प्रस्तुत किया गया था।
बेंगलुरू पुलिस ने 14 दिन की पुलिस हिरासत मांगी थी लेकिन न्यायाधीश ने 10 दिन की पुलिस हिरासत स्वीकृत की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications